फोटो कैप्शन18पीएएलपी3- जिला नागरिक अस्पताल के विश्राम गृह से गायब पंखे।
18पीएएलपी4- अस्पताल में बिना चादर के दिख रहा फटा बिस्तर का गद्दा।
-
खराब हुए पंखे ठीक करवाकर नहीं लगाए गए अपने स्थान पर
मरीजों के दिए जा रहे फटे बिस्तर, हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे कारगर साबित नहीं हो पा रहे हैं। अस्पताल में मरीजों के गर्मी से बचाव के प्रबंध पुख्ता नहीं हैं। अस्पताल में वार्ड व प्रतीक्षालय में लगे पंखे खराब पड़े हैं तथा कई अपने स्थान से गायब हैं। इन पंखों को मरम्मत के लिए भेजा गया था, परंतु अभी ठीक करवाकर उनके स्थान पर नहीं लगाया गया है। इस भीषण गर्मी में मरीजों को बिना पंखे के परेशानी हो रही है। इसके अलावा अस्पताल के बिस्तरों के गद्दे फटे हुए हैं। बिस्तरों के लिए चादर तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
दरअसल, जिला नागरिक अस्पताल के प्रथम तल जच्चा-बच्चा वार्ड के अलावा दुर्घटनाग्रस्त मरीजों व अन्य के लिए वार्ड बने हुए हैं। इसके अलावा बाहर के बड़ा हॉल प्रतीक्षालय के रूप में बना हुआ है। इस हॉल में पिछले काफी दिनों से पंखे खराब पड़े हैं। करीब 10 दिन पहले पंखों को उतरवाकर मरम्मत के लिए भेजा गया था, परंतु आज तक पंखों को वापस उनके स्थान पर नहीं लगाया गया है। इनके अलावा वार्ड में लगे कुछ कूलर भी खराब स्थिति में है। अस्पताल के कई बिस्तरों के गद्दे फटे हुए हैं तथा उन पर चादर भी नहीं है।
कुछ पंखे खराब हो गए थे, जिन्हें मरम्मत के लिए भेजा गया है। जल्द ही पंखों को उनके स्थान पर लगा दिया जाएगा, ताकि मरीजों को परेशानी न हो। नए बिस्तर भी मंगवाए गए हैं। - डॉ. अजय माम, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी