पलवल में रात्रि जांच अभियान के दौरान सड़क पर नाका लगाए खड़े पुलिस कर्मी।
- फोटो : Palwal
पलवल। जिला पुलिस टीम द्वारा शनिवार देर रात जिले में सघन जांच अभियान (नाइट डोमीनेशन) चलाया गया। इसके तहत पुलिस टीम ने विभिन्न इलाकों में नाके लगाकर करीब एक हजार वाहनों की जांच की। जांच के दौरान 29 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा शहर के होटलों, धर्मशालाओं और सार्वजनिक स्थानों पर भी जांच अभियान चलाया गया। अभियान पुलिस महानिदेशक मनोज यादव के दिशा निर्देश पर जिला पुलिस कप्तान नरेंद्र बिजारनिया की अगुवाई में चलाया गया।
रात 10 बजे से सुबह चार बजे तक चलाए गए इस रात्रि जांच अभियान के दौरान पुलिस ने जिले में करीब 43 स्थानों पर नाके लगाए। इन नाकों पर छोटे बड़े कुल 1,043 वाहनों की जांच की गई। इनमें 259 दो पहिया वाहनों, 530 लाइट मोटर व्हीकल और 254 बड़े वाहनों की जांच की गई। इनमें से नियमों का उल्लंघन करने वाले 29 वाहनों के चालान किए गए। अभियान के दौरान रात में ही सड़कों पर पुलिस फोर्स ने राईडर व पैदल गश्त भी की। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने व हुड़दंग करने वाले लोगों के खिलाफ भी विशेष जांच की गई। अभियान के दौरान आठ आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। इनमें दो आरोपियों को अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया गया है। दो आरोपी एक्साईज एक्ट के तहत तथा चार आरोपी जुआ अधिनियम के तहत गिरफ्तार किए गए।
अभियान में पुलिस कप्तान नरेंद्र बिजारनिया स्वयं भी सड़क पर नजर आए। उनके साथ जिले के सभी उपपुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज, सीआईए यूनिट, पीसीआर व राइडर सहित रात्रि गश्त पर रहे। पुलिस कप्तान ने बताया कि इस तरह का जांच अभियान समय-समय पर जिले में चलता रहेगा तथा अपराधियों पर अंकुश लगाने व रात्रि के समय वाहन अधिनियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिले को अपराध मुक्त बनाने में जिला पुलिस पूरी तरह से गंभीर है तथा आम लोगों का भी इसमें सहयोग लिया जाएगा।