पलवल। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ एवं शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति का नौकरी बहाली को लेकर धरना 217वें दिन भी जारी रखा। इस दौरान सभी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि अगर जल्द से जल्द शिक्षकों का समायोजन नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज होगा।
अध्यापक संघ के प्रधान वेदपाल और महासचिव गीतेश कुमार ने कहा कि भर्ती आयोग की लापरवाही से शारीरिक शिक्षकों को 10 वर्ष की नियमित सेवा के बावजूद बेरोजगारी का दंश झेलना पड़ा। अध्यापक सड़कों पर धक्के खा रहे हैं, लेकिन सरकार अपने आश्वासन को पूरा करने में असफल रही है। पीटीआई को समायोजन की प्रक्रिया का मखौल बनाया जा रहा है। ऐसा लगता है कि सरकार जनकल्याण की बजाय गलत हथकंडों में विश्वास रखती है। संघ मांग करता है कि सरकार 1983 शारीरिक शिक्षकों का जल्द शीघ्र समायोजन करे। 816 कला अध्यापकों को बेरोजगारी से बचाने का प्रयास करे, अन्यथा एक बार फिर अध्यापक आंदोलन को मजबूती देने के लिए सड़कों पर संघर्ष करने के लिए मजबूर होंगे। इस मौके पर जोगेंद्र, सुनील, रामपाल अत्री, प्रेमचंद, सतीश, बिजेंद्र, रमेश, दयाचंद, टेकचंद, विनोद, राजेश कुमार, उमेद, राजू, प्रेमलता जगवती, सोमवती आदि मौजूद रहे।