पलवल। कैंप थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पुरानी मारुति एजेंसी के सामने तेज रफ्तार बिना नंबर की बाइक ने सड़क किनारे ऑटो का इंतजार कर रहे दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पति के दोनों पैर और पत्नी का एक पैर टूट गया, जबकि दोनों के सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, सावला विहार निवासी दिनेश ने बताया कि बृहस्पतिवार की सुबह करीब 8:30 बजे उसका भाई राजेंद्र और भाभी सपना काम पर जाने के लिए ऑटो का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान काले रंग की बाइक पर सवार दो युवक तेज रफ्तार से आए और दंपती को टक्कर मार दी। दोनों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में दिल्ली रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों का दिल्ली के निजी ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद