पलवल। जिले में शुगर मिल चालू नहीं होने से नाराज गन्ना उत्पादक किसान सोमवार से मिल परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। रविवार को संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक जाट धर्मशाला में किसान नेता नेमचंद शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन मास्टर महेंद्र सिंह चौहान ने किया। इसमें मिल चालू कराने के लिए धरना शुरू करने का निर्णय लिया गया।
किसान मोर्चा के नेताओं मास्टर महेंद्र सिंह चौहान, धर्मचंद घुधेरा और उदय सिंह सरपंच ने बताया कि 19, 29 अक्तूबर और बुधवार को उपायुक्त, शुगर मिल के एमडी और स्थानीय विधायक एवं खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम से मिलकर किसानों ने समय पर मिल चालू कराने की मांग रखी थी। उपायुक्त ने नौ नवंबर से मिल शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी मिल चालू नहीं हुई। किसान नेताओं ने कहा कि प्रशासन के नकारात्मक रवैये के चलते अब मिल परिसर में अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। धरने से उत्पन्न किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। उन्होंने हरियाणा सरकार की ओर से गन्ने के भाव में 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को किसानों के साथ मजाक बताते हुए गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। संवाद