24 सितंबर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में प्रतियोगिताओं का होगा आगाज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के द्वितीय चरण के तहत 24 से 26 सितंबर तक नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में तीन दिवसीय कबड्डी और तीरंदाजी प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इन प्रतियोगिताओं में प्रदेशभर से 1100 से अधिक खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि जिला पलवल को इस आयोजन की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां व प्रबंध समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के ठहरने, पेयजल व जलपान व्यवस्था, सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, साफ-सफाई, झंडे, हाई मास्क लाइट और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि खेल महाकुंभ के दौरान खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।