घर के बाहर 10-12 बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
होडल। घसैलिया सराय मोहल्ला स्थित एक मकान के बाहर बुधवार सुबह 10-12 बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। हालांकि, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। होडल पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस का कहना है कि करीब 20 से 25 राउंड बदमाशों ने फायरिंग की है। मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, पवन नामक युवक मोहल्ले में किराने का सामान लेने गया था। इसी दौरान 10-12 बदमाशों ने उस पर हमला करने का प्रयास किया। पवन ने एक मकान में घुसकर अपनी जान बचाई। जब हमलावरों को पवन का पता नहीं चला तो उन्होंने एक मकान के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी बदमाश फरार हो गए। इसके बाद ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकले और घटनास्थल पर एकत्र हो गए। क्षेत्र में आए दिन फायरिंग से लोगों में डर का माहौल है। लोगों ने पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि रात्रि में गश्त बढ़ाई जाए। वहीं, इस घटना के बारे में थाना प्रभारी मोहम्मद इलियास का कहना है कि पीड़ित पवन ने हमलावरों को पहचान लिया है। गोलियां चलाकर दहशत फैलाने वालों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इन आरोपियों की तलाश जारी है। बता दें कि दो दिन पहले भी नूंह-होडल मार्ग पर बदमाशों ने कार सवार युवकों पर गोलियां चला दी थी, जिसमें एक युवक घायल हो गया था।