पलवल में ओलंपिक दिवस पर साइकिल रैली को झंडी दिखाते अधिकारी।
- फोटो : Palwal
पलवल। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर बुधवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में साइकिल रैली का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार बघेल और जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी मैरी मसीह ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया।
मैरी मसीह ने बताया कि खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग हरियाणा के निर्देशानुसार पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस मनाया गया। इस दौरान खिलाड़ियों ने साइकिल रैली निकालकर स्वस्थ रहने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के कई खिलाड़ी ओलंपिक में हिस्सा लेंगे। यह प्रदेश के लिए गौरव की बात है। सभी खिलाड़ी ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन कर देश का मान बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि साइकिल रैली के उपरांत जिले के विभिन्न राजीव गांधी खेल परिसरों और ग्रामीण स्टेडियमों में पौधरोपण किया गया।