संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गांव टीकरी ब्राह्मण में एक 24 वर्षीय वकील ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वकील मानसिक रूप से परेशान था। मंगलवार रात को उसने अपने घर पर ही फंदा लगा लिया। सदर थाना पुलिस ने मृतक वकील के पिता की शिकायत पर भादंसं की धारा 174 के तहत कार्रवाई की है। बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया। वकील की मौत होने पर जिला अदालत में बुधवार को कामकाज बंद रखा गया।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह के अनुसार गांव टीकरी ब्राह्मण निवासी राय सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसका बेटा सौरव सहरावत जिला अदालत में वकालत करता था। मंगलवार शाम वह अदालत से आया और ऊपर अपने कमरे में चला गया। रात को उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो सौरव ने फंदा लगाया हुआ था। सौरव को फंदे से उतारकर जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि सौरव अविवाहित था और कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। इसी के चलते उसने यह कदम उठाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। वहीं वकील की मौत पर जिला अदालत में काम काज ठप रखा गया। वकीलों ने मृतक वकील को मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी।