- नगर परिषद ने उठाया स्वच्छता और व्यवस्थित व्यापार की दिशा में बड़ा कदम, वार्ड-11 के मीट बाजार का होगा आधुनिक नवीनीकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर परिषद ने एक अहम पहल करते हुए खुले में मीट बिक्री पर रोक लगाने की योजना बनाई है। नगर परिषद चेयरमैन डॉ. यशपाल ने बताया कि मंदिरों, स्कूलों और भीड़भाड़ वाले प्रमुख चौराहों के पास खुले में मीट बेचने पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। इसके साथ ही वार्ड नंबर 11 में स्थित मीट मार्केट को आधुनिक रूप देने के लिए जीर्णोद्धार कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
इस परियोजना के लिए 1.74 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित की गई है और निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। डॉ. यशपाल ने बताया कि यह कार्य स्वच्छ भारत मिशन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की स्मार्ट इन्फ्रास्ट्रक्चर नीति के तहत किया जाएगा, जिसका मकसद लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित व्यापारिक माहौल देना है।
नवीनीकरण के तहत बाजार को पूरी तरह से नया रूप दिया जाएगा। इसमें दुकानों और प्लेटफार्मों का पुनर्निर्माण, फर्श और दीवारों पर हाईजीन टाइल्स, एलईडी लाइटिंग, नई बिजली व्यवस्था, अपशिष्ट जल निकासी और ठोस कचरा प्रबंधन की आधुनिक प्रणाली लागू की जाएगी। इसके अतिरिक्त, आग और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए फायर सेफ्टी और नागरिक सुरक्षा के उपाय भी किए जाएंगे। डॉ. यशपाल ने इसे केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि नागरिकों की सेहत, सुरक्षा और व्यवस्थित व्यापार के लिए एक दीर्घकालिक पहल बताया। उन्होंने शहरवासियों और व्यापारियों से अपील की कि वे इस योजना में पूरा सहयोग करें, ताकि पलवल को एक स्वच्छ और स्मार्ट शहर बनाया जा सके।