शिव मंदिर में देवी की पूजा करती महिला श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार को शहर के मंदिरों में जय माता दी के जयकारों के साथ शारदीय नवरात्र पर्व शुरू हो गया। नवरात्र के पहले दिन दुर्गा मां के मंदिरों में पूजा अर्चना करने वाले श्रद्धालुओं का सुबह से ही तांता लगना शुरू हो गया था।
श्रद्धालुओं ने मंदिरों में माता के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री की पूजा अर्चना कर व्रत की शुरूआत की। शहर के सभी मंदिरों को भव्य ढंग से सजाया गया है। घरों में भी श्रद्धालुओं ने कलश स्थापना के साथ व अखंड जोत जलाकर उत्साह से नवरात्रों की शुरूआत की। बाजारों में भी काफी भीड़-भाड़ के कारण रौनक नजर आई।
शहर के कमेटी चौक स्थित देवी मंदिर, कामेश्वर महादेव मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर, श्रीगंगा लक्ष्मीनारायण मंदिर, खैलकला स्थित काली माता मंदिर, श्री दुर्गा मंदिर, पचोवन मंदिर, जंगेश्वर मंदिर रेलवे रोड स्थित खोंटा मंदिर व कलूटी हनुमान मंदिर सहित अन्य सभी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालु माता की पूजा-अर्चना के लिए आने शुरू हो गए थे। मंदिर के पुजारियों ने भी मंदिरों में नारियल, माता की चुनरी, धूप-दीप इत्यादि सामग्री का इंतजाम किया हुआ था। मंदिरों में मां शैलपुत्री की कथा भी सुनाई।