हथीन। बहीन थाना क्षेत्र के कोट गांव स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर मंगलवार देर रात तीन नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर सेल्समैन से 5500 रुपये और मोबाइल फोन लूट लिए। घटना से इलाके में दहशत फैल गई है।
शिकायत के अनुसार, बदमाश देर रात बिना नंबर की बाइक पर पहुंचे और पेट्रोल पंप पर तैनात सेल्समैन साहुन को हथियार दिखाकर धमकाया। बदमाशों ने उससे नकदी छीन ली। इसी दौरान दूसरा बदमाश ऑफिस में पहुंचा और वहां मौजूद सेल्समैन मोहम्मद कैफ से ताला खोलने की मांग की। जब कैफ ने बताया कि चाबी मालिक के पास है तो बदमाश भड़क गए और दोनों के मोबाइल छीन लिए।
हालांकि भागते समय उन्होंने मोबाइल पास ही फेंक दिए और नकदी लेकर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोल पंप मालिक तोताराम मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।
बहीन थाना प्रभारी यशवीर ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।