संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
शहर थाना क्षेत्र की कल्याण एंक्लेव कॉलोनी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालजनों पर दहेज के लिए प्रताड़ित कर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के राम कॉलोनी निवासी रॉबिन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बहन नीतू की शादी वर्ष 2019 में योगेंद्र के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही नीतू को दहेज को लेकर परेशान किया जाने लगा। रॉबिन का आरोप है कि योगेंद्र उनकी बहन के साथ मारपीट करता था। कई बार परिवार की ओर से उसे रुपये भी दिए गए।
शराब के नशे में महिला के पति ने किया था फोन
शिकायतकर्ता ने बताया कि सोमवार की देर रात करीब एक बजे योगेंद्र ने आठ बार शराब के नशे में फोन किया था। फोन उसकी पत्नी अंजली ने उठाया तो योगेंद्र ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान फोन पर नीतू के रोने की आवाज भी सुनाई दे रही थी। अगले दिन मंगलवार को योगेंद्र के पिता ने फोन कर सूचना दी कि नीतू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
परिजनों का आरोप है कि जब वे जिला अस्पताल पहुंचे तो वहां ससुराल पक्ष के लोगों में से कोई भी मौजूद नहीं था। अस्पताल कर्मियों ने बताया कि नीतू का शव मोर्चरी में रखा हुआ है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि नीतू ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है।
शहर थाना प्रभारी श्रीभगवान ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत के आधार पर पति योगेंद्र, ससुर सुरेंद्र, देवर मोंटी और ननद बबीता व कविता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।