पलवल। शोलाका-रुंधी रेलवे स्टेशन के बीच बुधवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। होडल जीआरपी चौकी प्रभारी एसआई चंद्रपाल सिंह ने बताया कि सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो उसकी मौत हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि व्यक्ति किसी ट्रेन की चपेट में आया था, जिससे उसकी जान चली गई। मृतक की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष आंकी गई है। जीआरपी ने शव को जिला नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों और अन्य माध्यमों से प्रयास कर रही है।