होडल। दिल्ली-आगरा रेलवे ट्रैक पर गांव बंचारी के समीप ट्रेन की चपेट में आने से गांव गढ़ी पट्टी निवासी सुमेर सिंह(36) की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर होडल जीआरपी चौकी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भेज दिया।
जीआरपी चौकी प्रभारी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि रविवार सुबह सूचना मिली थी कि गांव बंचारी के पास रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के गांवों में शव की पहचान कराने का प्रयास किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि युवक किसी परिचित से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। आशंका है कि रास्ता भटकने के दौरान वह किसी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।