नूंह। योग गुरु बाबा रामदेव रविवार को पल्ला स्थित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला पार्षद तौफीक हिंगनपुरिया के निवास स्थान पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जिले के युवाओं को संबोधित करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
बाबा रामदेव ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग बेहद जरूरी है। नियमित योगाभ्यास से शरीर को स्वस्थ और निरोगी रखा जा सकता है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोगों को अपनी दिनचर्या में योग को विशेष स्थान देना चाहिए। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रतिदिन नियमित रूप से योगासन और प्राणायाम करें तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आत्मविश्वास बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम है। इस दौरान युवाओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।