यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए बैठक करते उपायुक्त
- फोटो : Palwal
पलवल। उपायुक्त नरेश नरवाल ने मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), पुलिस तथा पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों के साथ यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बैठक की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और पुलिस विभाग के अधिकारी शहर में यातायात व्यवस्था का उचित प्रबंधन करने के लिए योजना तैयार करें। बारिश के मौसम में किसी भी समय जाम की स्थिति नहीं बननी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में पलवल से गुजरने वाले सभी राष्ट्रीय राजमार्गों और अन्य सड़कों पर पानी जमा न होने दें। अगर किसी स्थान पर पानी जमा होता है तो उसे तुरंत निकालने की व्यवस्था करें, ताकि जाम और दुर्घटनाओं की संभावनाओं पर विराम लगाया जा सके। अगर किसी सड़क का कोई हिस्सा खराब है तो उसकी मरम्मत भी करवाएं। जिन स्थानों पर निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहां पर ट्रैफिक व्यवस्था को सूचित करने के लिए साइन बोर्ड अवश्य लगाएं। अगर जाम की स्थिति में रूट डायवर्ट करना पड़े तो सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय से योजना तैयार रखें। जिला प्रशासन का प्रयास है कि ट्रैफिक व्यवस्था के कारण नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसी प्रकार शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य मुख्य मार्गों पर अवैध रूप से वाहनों को न खड़ा रहने दें, क्योंकि इन्हीं वजह से कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण को हटाया जाए। इस अवसर पर एसडीएम पलवल वैशाली सिंह, एनएचएआई के कार्यकारी अभियंता धीरज कुमार, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।