चमेलीवन मंदिर के महंत को बंधक बनाकर लाखों की लूट
होडल। बृज क्षेत्र के प्राचीन चमेलीवन मंदिर में बीती रात बदमाशों ने महंत सहित एक अन्य व्यक्ति से मारपीट कर उन्हें बंधक बना लिया और लाखों की नकदी व सामान लूटकर फरार हो गए। सुबह ग्रामीणों को दोनों बेहोशी की अवस्था में मिले। उन्हें पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराने के साथ पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के अनुसार दोनों के होश में आने पर ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार चमेलीवन मंदिर में महंत मुरारीदास व ग्रामीण चंद्रलाल रात के समय सो रहे थे। बताया जाता है कि देररात वहां पहुंचे बदमाशों ने दोनों के साथ मारपीट कर उन्हें बंधक बनाकर कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाश मंदिर से नकदी और कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। घटना का खुलासा रविवार सुबह हुआ जब श्रद्धालु भगवान के दर्शन करने मंदिर पहुंचे। वहां सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और महंत मुरारीदास व चंद्रलाल बेहोश पड़े थे। ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की सूचना थाना पुलिस को दी। समाचार लिखे जाने तक दोनों को होश नहीं आया था। ग्रामीणों ने अंदेशा जताया है कि बदमाशों ने उन्हें किसी नशीली वस्तु से बेहोश कर बंधक बनाया होगा। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी मंदिर में चोरी की वारदात हो चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।