हथीन। गांव मानपुर के पास बृहस्पतिवार रात छह बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर गेहूं भरा ट्रक लूट लिया। उन्होंने ड्राइवर और क्लीनर से मारपीट की और 15 हजार रुपये व तीन मोबाइल भी लूट लिए। मुंडकटी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ट्रक ड्राइवर अजय ने बताया कि वह क्लीनर विष्णु के साथ होडल से ट्रक में गेहूं भरकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ। मानपुर सेवली रोड पर पुलिया के पास बदमाशों ने ट्रक के आगे कार लगाकर रुकवा लिया। कार से छह बदमाश निकले, तीन के पास हथियार थे। बदमाशों ने दोनों को अपनी कार में बैठा लिया और आंखों पर टेप चिपका दीं। थोड़ी दूर ईख के खेत में दोनों को छोड़कर फरार हो गए। जांच अधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। अभी तक ट्रक का भी कोई सुराग नही लग पाया है। ट्रक में 24 टन गेहूं लदा था और वह दिल्ली के लारेंस रोड जा रहा था। संवाद