- ट्रक में भरकर ले जाई जा रही थी, 510 पेटियों में भरी अंग्रेजी शराब करीब छह हजार बोतलें बरामद
- चालक गिरफ्तार, ऑल्टो कार सवार दो व्यक्ति कर रहे थे निर्देशित, चालक-मालिक व अन्य पर मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पंजाब के संगरूर जिले से बिहार सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे शराब से भरे ट्रक को पुलिस की अपराध जांच शाखा ने पकड़ा है। शराब को चोकर के कट्टों की बीच छिपाया हुआ था। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। बिल मांगने पर चालक ने कोविड किट का बिल थमा दिया। ट्रक की तलाशी लेने पर 510 पेटियों में भरी अंग्रेजी शराब की करीब छह हजार बोतलें बरामद हुईं। शराब की कीमत की करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। चांदहट थाना पुलिस ने ट्रक चालक व मालिक के खिलाफ आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
डीएसपी मुख्यालय साकिर हुसैन ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि पलवल अपराध जांच शाखा में कार्यरत हवलदार अजीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि बीती एक जून की रात को साढ़े 11 बजे वह अपनी टीम के साथ केजीपी एक्सप्रेस वे पर गश्त कर रहे थे। उसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक उत्तर प्रदेश नंबर के ट्रक में पंजाब के संगरूर जिले से अवैध शराब भरकर बिहार ले जाई जा रही है। यह ट्रक केजीपी एक्सप्रेस वे से राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए आगरा के रास्ते बिहार जाएगा। सूचना के आधार पर केजीपी एक्सप्रेस वे पर अलीगढ़ पुल के समीप नाकाबंदी कर दी गई। कुछ ही देर बाद यूपी नंबर का ट्रक आता हुआ दिखाई दिया। उन्होंने चालक को ट्रक रोकने का इशारा किया, परंतु वह ट्रक मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। टीम ने चालक को ट्रक सहित काबू कर लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम यूपी के जिला बलरामपुर स्थित गांव कोहनिया निवासी निसार आलम बताया। उन्होंने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें ऊपर गेंहू के चोकर के कट्टे भरे हुए थे। कट्टों को हटाकर देखा तो शराब की पेटियां भरी हुई थीं। गिनती करने पर 510 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुईं। पुलिस ने ट्रक को शराब सहित कब्जे में ले लिया। चालक ने पूछताछ में बताया कि वह पंजाब के संगरूर जिले से लेकर आया है। उसे ट्रक को बिहार के पटना पहुंचाना था। कार सवार दो युवक उसको निर्देशित कर रहे थे। पुलिस ने ट्रक चालक व मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मालिक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। चालक को रिमांड पर लेकर शराब तस्करी गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
-
शराब की जगह कोविड किट का बिल थमाया
अपराध जांच शाखा प्रभारी इंस्पेक्टर मोहम्मद इलियास ने बताया कि बिहार ले जाए रहे ट्रक में ऊपर पशुओं के चारे के रूप में इस्तेमाल किए जाना वाला चोकर के कट्टे भरे हुए थे, जिनके अंदर शराब की पेटियां छिपाई गईं थीं। चालक से बिल मांगा तो उसने ई-बिल दिखाया, जिसके अनुसार ट्रक में 8483 मेडिसिन कोविड किट होनी दर्शायी गई। बिल की जांच करने पर वह भी फर्जी पाया गया। उन्होंने बताया कि ट्रक से 160 पेटी इंपीरियल ब्लू, 250 पेटी पव्वा इंपीरियल ब्लू, 100 पेटी अद्धा मैक्डॉल्ड नंबर वन कुल 510 पेटी बरामद हुई हैं। बिहार में शराब बंद है, इसलिए पंजाब व हरियाणा से सप्लाई की जाती है। मार्केट में इस शराब की कीमत करीब 30 लाख रुपये है।
-
ऑल्टो कार कर रही थी ट्रक को पायलट
ट्रक चालक निसार आलम ने बताया कि उसे ट्रक में शराब होने की बात नहीं पता थी। उसे चालक ने ई-बिल देकर पंजाब के पटना जिला में इसे पहुंचाने के लिए कहा था। उसके साथ एक ऑल्टो कार में दो व्यक्ति चल रहे थे, जो उसे गाइड कर रहे थे। वह उससे कई किलोमीटर आगे चल कर फोन पर निर्देश दे रहे थे।