पिनगवां। कस्बा पिनगवां में जल्द ही महाराजा दक्ष प्रजापति के नाम पर एक आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। करीब एक हजार गज भूमि पर बनने वाली इस लाइब्रेरी पर लगभग 32 लाख रुपये की लागत आएगी। इस घोषणा से प्रजापति समाज में खुशी का माहौल है। समाज के लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए सरपंच प्रतिनिधि मनोज तंवर का आभार व्यक्त किया और इसे शिक्षा तथा युवाओं के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रजापति समाज के ओम प्रकाश प्रजापति, महेश प्रजापति और संजय प्रजापति ने कहा कि लंबे समय से समाज के लोग महाराजा दक्ष प्रजापति के नाम पर एक सार्वजनिक लाइब्रेरी की मांग कर रहे थे। अब यह मांग पूरी होने जा रही है, जिससे विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं तथा क्षेत्र के अन्य पाठकों को बेहतर अध्ययन का माहौल मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह लाइब्रेरी केवल प्रजापति समाज ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान का केंद्र बनेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्रों में पुस्तकालयों की आवश्यकता पहले से अधिक है। अच्छी पुस्तकों और शांत वातावरण में अध्ययन की सुविधा मिलने से युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
समाज के लोगों ने उम्मीद जताई कि लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकें, समाचार पत्र, पत्रिकाएं और डिजिटल अध्ययन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।सरपंच प्रतिनिधि मनोज तंवर ने बताया कि गांव के विकास के साथ-साथ शिक्षा को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता है। इसी सोच के तहत महाराजा दक्ष प्रजापति के नाम पर लाइब्रेरी का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करीब एक हजार गज भूमि पर बनने वाली इस लाइब्रेरी के निर्माण पर लगभग 32 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा ताकि क्षेत्र के विद्यार्थियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शिक्षा और जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।