संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। शहर के विभिन्न चौराहों व अन्य जगहों पर फल, सब्जियों की रेहड़ी तथा अन्य सामान बिक्री के नाम पर अतिक्रमण किया हुआ है। इस कारण हसनपुर चौक और रेलवे चौक पर पूरा दिन जाम की समस्या बनी रहती है। इसमें सरकारी अधिकारियों, स्कूली वाहन, एम्बुलेंस सहित आमजन के वाहन फंसे रहते हैं। होडल बार एसोसिएशन के दर्जनों अधिवक्ताओं ने बुधवार को एसडीएम बैलिना लोहान को ज्ञापन सौंपा और समस्या का समाधान कराए जाने की मांग की।
वकील धमेंद्र चौहान, हरिओम गर्ग आदि ने एसडीएम को बताया कि शहर का हसनपुर चौक और रेलवे रोड चौराहा वर्तमान में सबसे व्यस्त चौराहे हैं। इन चौराहों से प्रतिदिन लाखों आम लोगों का आवागमन होता है, लेकिन नगर परिषद के कर्मचारियों की मिलीभगत के कारण इन चौराहों पर रेहड़ी, ऑटो व अन्य सामान की बिक्री करने वालों ने अवैध रूप से कब्जा किया हुआ है। इस कारण इन चौराहों पर आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। कई बार रेहड़ियों से सामान लेने वालों के कारण चौराहों पर जाम लग जाता है। यही हाल इन चौराहों पर खड़े होने वाले थ्री व्हीलरों का है। थ्री व्हीलर चालक अपने वाहन में सवारियों को बैठाने के लिए सर्विस रोड के बीचों बीच खड़े रहते हैं, इस कारण जाम लगा रहता है। वकीलों ने बताया कि हसनपुर चौक से प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहनों का आवागमन होता है, लेकिन यहां पुलिस कर्मचारी तैनात नहीं रहते हैं। रेहड़ी पर फल और सब्जी बिक्री करने वाले जहां जाम लगने का कारण बने रहते हैं, वहीं, गंदगी के भी ढेर लगाते हैं। रहेड़ी वाले रात के समय बचे हुए खराब फल और सब्जी को सड़कों पर ही डाल देते हैं। अधिवक्ताओं ने बताया कि रेलवे रोड पर तो रेहड़ी वालों की मनमर्जी आमजन पर भारी रहती है। यहां रेहड़ी वालों का इतना आतंक है कि अगर किसी वाहन को निकलने में समस्या हो रही है तो वह अपनी रेहड़ी को आगे पीछे तक नहीं करते हैं। अधिवक्ताओं ने एसडीएम से मांग की है कि चौराहों पर व्याप्त इन समस्याओं से छुटकारा दिलाए जाए।