संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
जिले के कुसलीपुर गांव स्थित जिला न्यायालय परिसर में सोमवार दोपहर चांदहट थाना पुलिस की सरकारी गाड़ी को लेकर अधिवक्ताओं ने विरोध जताया। वाहन के शीशों पर काली फिल्म लगी होने और दस्तावेज अधूरे होने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं ने गाड़ी का घेराव कर दिया।
अधिवक्ताओं का आरोप था कि न्यायालय आते-जाते समय पुलिसकर्मी उनके वाहनों के कागजात और नियमों के उल्लंघन को लेकर चालान काट देते हैं, जबकि पुलिस के सरकारी वाहनों में भी नियमों की अनदेखी की जा रही है। सोमवार को न्यायालय परिसर में पहुंची चांदहट थाना पुलिस की गाड़ी के शीशों पर काली फिल्म देखकर अधिवक्ताओं ने आपत्ति जताई। उन्होंने वाहन के ऑनलाइन दस्तावेज की जांच की और अधूरे होने का आरोप लगाया।
विरोध बढ़ने पर डीएसपी भारतेंद्र मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि उन्हें बेवजह परेशान नहीं किया जाएगा। साथ ही चालान की कार्रवाई में नियमानुसार प्रक्रिया का ध्यान रखने की बात कही।