बस अड्डे के लिए दी थी जमीन, डाला जा रहा कूड़ा
हसनपुर। 60 वर्षों तक विधानसभा क्षेत्र रहे हसनपुर में आज भी लोग परिवहन सेवाओं की कमी से जूझ रहे हैं। 30 साल से लगातार मांग उठाए जाने के बाद भी यहां बस अड्डा स्थापित नहीं हो पाया है। जबकि 2017 में मुख्यमंत्री मनोहर लाल बस अड्डा स्थापित करने की घोषणा कर चुके हैं। सैंडोली ग्राम पंचायत से जमीन भी अधिग्रहित की जा चुकी है, लेकिन बस अड्डे का निर्माण अब तक शुरू नहीं हो पाया है। स्थिति यह है कि जमीन पर कूड़ा डाला जा रहा है। उसकी बदबू से आसपास रहने वालों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
होडल विधानसभा क्षेत्र को पूर्व में 60 वर्षों तक हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के नाम से जाना जाता था। लेकिन यहां आज भी लोगों को जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। यहां के लोग परिवहन, स्वास्थ्य व शिक्षा संबंधी सुविधाएं पाने के लिए नेताओं से गुहार लगाते आए हैं। उत्तर प्रदेश की सीमा से सटे इस क्षेत्र में परिवहन सेवाएं तो बिल्कुल नदारद हैं। यहां से परिवहन निगम की बसों का संचालन नहीं होता, न ही यहां बसों के ठहराव का इंतजाम है। 2017 में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने लोगों की मांग पर यहां बस अड्डा निर्माण कराने की घोषणा की थी। परिवहन निगम ने जमीन की तलाश शुरू की तो सैंडोली गांव की ग्राम पंचायत ने करोड़ों की जमीन दे दी। इस जमीन की रजिस्ट्री भी पंचायत ने परिवहन विभाग के नाम कर दी, उसके बाद भी आज तक बस अड्डे का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। अब जमीन कूड़ा घर बनी हुई है। बरसात होने पर दलदल की स्थिति हो जाती है। लावारिस पशु विचरण करते रहते हैं। वहीं परिवहन सेवाओं की कमी का लाभ निजी बस संचालक व अवैध रूप से वाहन चलाने वाले उठा रहे हैं।
सरकार जल्द शुरू कराए काम
सैंडोली गांव की सरपंच के पति वेदप्रकाश ने बताया कि लोगों को परिवहन सेवाएं मिलें, इसके लिए ग्राम पंचायत की जमीन दी गई थी, लेकिन अब तक बस अड्डे का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। वहीं जमीन पर गंदगी के ढेर लगे होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को यहां बस अड्डे का काम जल्द शुरू कराना चाहिए।
आधुनिक बस अड्डा बनेगा
हसनपुर में आधुनिक बस अड्डा बनाया जाएगा, इसके लिए सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। कुछ तकनीकी खामियों की वजह से अभी काम शुरू नहीं हो पाया है। जल्द ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।
-एनके गर्ग, महाप्रबंधक हरियाणा परिवहन निगम पलवल