संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में बृहस्पतिवार को मनाई जाने वाली श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। बुधवार को जहां मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की तैयारियां की गईं, वहीं घरों में भी लोगों ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर साफ-सफाई की। मंदिरों में विशेष रूप से साफ कराई गई तथा जन्माष्टमी के अवसर पर बनाई जाने वाली झांकियों की भी तैयारी की गई। मंदिरों को फूलों से सजाने के लिए वृंदावन से फूल मंगवाए गए। वहीं, जन्माष्टमी पर्व पर मंदिरों में भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने जिले में संबंधित थाना व चौकी प्रभारियों को मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए।ब्रज क्षेत्र होने के कारण श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व का यहां विशेष महत्व है। पलवल में भी मथुरा-वृंदावन द्वारा तय तिथि पर ही जन्माष्टमी मनाई जाती है। 7 सितंबर को इस पर्व को मनाने के लिए जिले के मंदिरों में प्रबंधन समितियों से जुड़े लोग, महंत, पुजारी जुटे रहे। मंदिरों में साफ-सफाई की गई। कहीं टेंट व पर्दे लगाकर मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की तैयारियां की गईं। मंदिरों में दोपहर बाद जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों व झांकियों की तैयारियों में भी मंदिर प्रबंधन समिति के लोग जुटे रहे।
इन मंदिरों में मनेगा विशेष पर्व
पलवल शहर के अंदर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के कार्यक्रम मुख्य रूप से बलदाऊ मंदिर, एतिहासिक जंगेश्वर व पंचवटी मंदिर, कामेश्वर मंदिर, श्रीसनातन धर्म मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर, ओमेक्स सिटी स्थित श्रीराम मंदिर में विशेष कार्यक्रम होंगे। इन मंदिरों में विशेष झांकियां बनाई जाएंगी। इन मंदिरों में श्रीकृष्ण-राधा के अलावा कंस, राम-सीता, हनुमान, बलदाऊ, भगवान शिव की विशेष झांकियां तैयार की जा रही हैं। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों व झांकियों में श्रीकृष्ण-राधा का रूप धरने वाले बच्चों को तैयारियां कराई गईं।
वृंदावन से मंगवाई गई विशेष पोशाक
मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाने के लिए वृंदावन से विशेष श्रीकृष्ण-राधा की पोशाक मंगवाई गई हैं। वहीं जिन लोगों ने घरों में लडडू-गोपाल रखे हुए हैं, उन्होंने भी वृृंदावन से विशेष पोशाक मंगवाई है। इन पोशाक को सात सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्रीकृष्ण को धारण कराया जाएगा। इसके अलावा वृंदावन से ही विशेष रूप से फूल भी मंगवाए गए हैं, ताकि मंदिर को विशेष रूप से सजाया संवारा जा सके।
पुलिस की सुरक्षा रहेगी चौक-चौबंद
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर जिले में मंदिरों की सुरक्षा पूरी तरह से चौक चौबंद रहेगी। इसके लिए पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र सिंह ने जिले के संबंधित थाना व चौकी प्रभारियों की ड्यूटी लगा दी है। इसके अलावा जिले की सीमाओं की चौकसी के लिए पुलिस नाके लगाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मंदिरों के अलावा बाजारों में भी सुरक्षा को लेकर विशेष निगरानी रहेगी। सादी वर्दी में पुलिस कर्मी मंदिरों के बाहर तैनात रहेंगे। आवारा व मनचले युवकों पर भी पूरी नजर रहेगी।