फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Palwal News: डेंगू के नौ और मलेरिया के तीन नए मरीज मिले, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

Wed, 06 Sep 2023 10:59 PM IST
नोएडा ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पलवल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

पलवल। स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेंगू व मलेरिया की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के बावजूद जिले में डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं। विभाग द्वारा कराई गई लोगों की जांच के बाद डेंगू के नौ नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद डेंगू के मरीजों की संख्या अब 21 हो गई है। जबकि निजी अस्पतालों में डेंगू के नाम सैकड़ों मरीज भर्ती किए हुए हैं। वहीं मलेरिया के भी तीन नए मामले सामने आए हैं। डेंगू व मलेरिया के लगातार मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग और भी ज्यादा सतर्क हो गया है। वहीं जिला नागरिक अस्पताल में बुखार के मरीजों की भी संख्या दिन ब दिन बढ़ रही है। दवाइयों की भी कमी अस्पताल में मरीजों को परेशान कर रही है।
जिले में बुधवार को जिन क्षेत्रों में डेंगू के मरीजों की पुष्टि हुई है, उनमें हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी, सेवली, दीघोट, पंचवटी काॅलोनी, हूडा सेक्टर दो, अलावलपुर, आदर्श कालोनी शामिल हैं। इन स्थानों पर स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत डेंगू प्रभावित घरों में लोगों के खून की जांच कराई गई तथा उन्हें बचाव के बारे में जागरूक किया गया।
विज्ञापन

डेंगू व व मलेरिया के मरीज की संख्या बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जहां प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की जांच करनी शुरू करा दी है, वहीं जिन घरों में मलेरिया के मरीज मिले हैं, ऐसे 6016 घरों को नोटिस जारी किए हैं। विभाग ने जिन घरों में लार्वा मिल रहा है, उन लोगों को खाली बर्तनों, टंकियों आदि में पानी न जमा होने को कहा है। साथ ही साथ सफाई के लिए भी लोगों को जागरूक कर रहा है। टीमें लगातार पानी की टंकियों, खाली बर्तनों, गमलों, हौदी व कूलरों आदि में लार्वा की जांच कर रही हैं और दवाई डाल रही हैं। अभी तक जिले में छह हजार 964 स्थानों पर मच्छर का लार्वा मिल चुका है। उक्त सभी घरों के मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं।

जिला नागरिक अस्पताल में स्थापित डेंगू व मलेरिया वार्ड में बेशक भर्ती मरीजों की संख्या फिलहाल 9 है, लेकिन निजी अस्पताल डेंगू मरीजों से भरे हुए हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग निजी अस्पतालों में डेंगू के नाम पर भर्ती मरीजों की पुष्टि नहीं कर रहा है, लेकिन निजी अस्पताल संचालकों ने उन मरीजों को डेंगू के नाम पर भर्ती किया हुआ है।

स्वास्थ्य विभाग की 90 टीमों ने चलाया अभियान
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जिले में डेंगू, मलेरिया के मरीजों की पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग की 90 टीमें घर-घर जाकर जांच-पड़ताल कर रही हैं। डेंगू और मलेरिया वाले इलाकों में लगातार फोगिंग करवाई जा रही है। जिले मे डेंगू संभावित क्षेत्रों की सूची तैयार की गई है। इन स्थानों पर भी स्वास्थ्य विभाग की तरफ से अभियान चलाया जा रहा है।

जिला नागरिक अस्पताल में पहुंच रहे वायरल बुखार के मरीज
उधर जिला नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन वायरल बुखार के सैकड़ों मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। अस्पताल में बुखार के मरीजों की सुबह से ही लाइन लगनी शुरू हो जाती है। जिला नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 500 के करीब वायरल बुखार के मरीजों की ओेपीडी की जा रही है।

दवाइयां न मिलने से मरीज परेशान
जिला नागरिक अस्पताल में आ रहे बुखार के मरीजों को पूरी दवाइयां नहीं मिल रही हैं। दवाइयों की कमीं के चलते मरीज परेशान हो रहे हैं। मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदनी पड़ रही है। अस्पताल प्रशासन की तरफ से केवल जल्द दवाएं आने का आश्वासन ही मरीजों को मिल रहा है। मरीजों में इसे लेकर रोष बना हुआ है।

अस्पताल में पूरी तरह से अव्यवस्था है। अस्पताल में डेंगू के नाम पर वार्ड बनाया हुआ है, लेकिन वहां सुविधाएं नहीं है। जब बुखार के मरीजों को पूरी दवाईयां ही नहीं मिल रही हैं, तो डेंगू का उपचार कहां से होगा।
-कविता, मरीज बलई

मैं अस्पताल में बुखार से ग्रस्त होने के कारण इलाज के लिए आई हूं। लेकिन यहां डॉक्टर द्वारा बुखार के लिए लिखी दवाइयां तक पूरी नहीं है। ऐसे में जिले में डेंगू का उपचार स्वास्थ्य विभाग कैसे करेगा। यहां लाइन में एक घंटा लगने के बाद दवाइयां बाहर से लेने को बोल दिया गया। यहां गरीबों का इलाज नहीं हो रहा।
विज्ञापन

-कृष्णा, मरीज, कस्बा मोहल्ला पलवल

जिले में डेंगू, मलेरिया के मामले सामने आ रहे हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट पर है। नागरिक अस्पताल में डेंगू वार्ड शुरू कर दिया गया है। अस्पताल में बुखार के मरीजों को भी पूरा इलाज दिया जा रहा है। दवाइयों की कमी के बारे में पूछा है। जो कर्मी है, उन्हें दूर किया जाएगा।
- डॉ नरेश कुमार गर्ग, सीएमओ, जिला नागरिक अस्पताल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें