केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को केएमपी एक्सप्रेस-वे के पहले चरण का उद्घाटन किया। इसके साथ ही एनएच-2 व एनएच-8 की आपस में कनेक्टिविटी भी शुरू हो गई है। पहले चरण में पलवल से मानेसर तक 53 किलोमीटर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। 457.81 करोड़ रुपये की लागत से बने एक्सप्रेसवे के इस हिस्से के शुरू होने से लोगों को जहां जाम से निजात मिलेगी, वहीं वाहन चालकों को दो महीने तक टोल टैक्स भी नहीं देना पडे़गा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहरलाल के अलावा केंद्र व प्रदेश सरकार के मंत्री व विधायक मौजूद रहे। उद्घाटन के मौके पर गडकरी ने कहा कि केएमपी एक्सप्रेसवे के मानेसर-कुंडली खंड का निर्माण कंक्रीट से कराया जाएगा, जिसका निर्माण कार्य वर्ष 2018 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने हसनपुर में यमुना के ऊपर से पुल बनाकर उत्तर प्रदेश से जोड़ने के लिए नया राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने तथा दिल्ली सीमा से सोहना रोड तक पॉड सेवा का निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की घोषणा भी की।
गडकरी ने कहा कि परिवहन सेवाओं को विस्तार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अनेक योजनाओं की शुरुआत हुई है। 26 मई को केंद्र की भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर दो लाख करोड़ रुपये के 26 नए राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे। सड़क के साथ जल व पॉड सेवा जैसे पर्यावरण हितैषी व सस्ते साधनों को विकसित किया जाएगा। इसमें हरियाणा के पल्ला गांव से वजीराबाद तक यमुना में तीन मीटर का जलस्तर बढ़ाकर जल परिवहन शुरू किया जाएगा जोकि इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देगा।
गडकरी ने कहा कि चीन, जापान, कोरिया और यूरोप में यात्री व माल ढुलाई के लिए 40 प्रतिशत तक जल परिवहन का इस्तेमाल होता है, जो सड़क व रेल परिवहन की तुलना में काफी सस्ता होता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के धौला कुआं से मानेेसर तक पॉड टैक्सी शुरू करने की प्रक्रिया भी आरंभ हो चुकी है।