पलवल। गांव कटेसरा में बृहस्पतिवार रात को पति-पत्नी के बीच आपस में झगड़ा होने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गंगाराम ने चाकू से गोदकर 22 वर्षीय पत्नी नीतू की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपनी गर्दन और पेट पर भी चाकू से कई वार कर आत्महत्या करने का प्रयास किया। चांदहट थाना पुलिस ने नीतू के भाई की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, पलवल के कैलाश नगर निवासी बबलू ने शिकायत दी है कि वह मूलरूप से करोका गांव जिला मथुरा (यूपी) का रहने वाला है। यहां पर किराए के मकान में रहता है। पीड़ित ने बहन नीतू की शादी कनवाड़ा गांव जिला भरतपुर (राजस्थान) निवासी गंगाराम से 20 नवंबर 2020 को की थी। गंगाराम पत्नी नीतू के साथ कटेसरा गांव में किराए के मकान में रह रहा था। बृहस्पतिवार की रात को गंगराम और नीतू का आपस में किसी बात को लेकर झगड़ा होने लग। देखते ही देखते झगड़ा इतना बढ़ गया कि गंगाराम ने चाकू से गोदकर नीतू की हत्या कर दी। इसके बाद चाकू से अपनी गर्दन और पेट पर कई वार कर आत्महत्या करने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पीड़ित परिवार के सदस्यों के साथ गांव कटेसरा पहुंचा। इसके बाद नीतू और गंगराम को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने नीतू को मृत घोषित कर दिया और गंगाराम को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी गंगाराम के खिलाफ मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।