एसडीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश, समाधान शिविर में पहुंचा मामला, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग कर रहा जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। रीण्डका गांव में राशन वितरण में गड़बड़ी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शिकायतों और जांच के आधार पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक सौरव ने गांव के डिपो होल्डर गजेंद्र की राशन सप्लाई को तीन जून से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। साथ ही आदेश जारी किए गए थे कि राशन किसी अन्य डिपो होल्डर के माध्यम से वितरित कराया जाए।
इसके बावजूद डिपो होल्डर गजेंद्र ने विभागीय आदेशों की अवहेलना करते हुए बचे हुए राशन को ऑनलाइन वितरण प्रणाली की जगह हाथ से पर्चियां काटकर वितरित कर दिया। यह गंभीर मामला जिला मुख्यालय पर आयोजित समाधान शिविर में सामने आया।
समाधान दरबार की अध्यक्षता कर रहीं एसडीएम ज्योति ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी आदेशों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर रूप चंद ने बताया कि उन्हें इस मामले की जांच सौंपी गई है और संबंधित निलंबित डिपो होल्डर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।