पलवल। जिला पुलिस ने रविवार को 102 सार्वजनिक स्थानों पर नाइट डोमिनेशन अभियान चलाया। जगह-जगह नाकेबंदी कर वाहनों की जांच की और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों से पूछताछ की। इस दौरान 1778 वाहनों की जांच की गई और विभिन्न मामलों के 11 आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। जिला पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत ने बताया कि अपराध रोकने के लिए पुलिस पूरी तरह से सजग है। आगे भी अभियान चलाया जाता रहेगा।
पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार जिला पुलिस कप्तान के नेतृत्व में रविवार को पुलिस ने 45 स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इनके अलावा 9 पैदल गश्त पार्टी, 16 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग पार्टी, 47 चारपहिया वाहन पार्टी व 7 पर्यवेक्षण अधिकारी पार्टी सहित कुल 124 पुलिस पार्टी टीम को लगाया गया। पुलिस ने 517 दुपहिया वाहन, 587 चारपहिया वाहन, 344 लाइट कमर्शियल वाहन व 330 हेवी कमर्शियल वाहन सहित कुल 1778 वाहनों की जांच की।