हथीन। नगर पालिका सदन की सोमवार को हुई बैठक में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के एजेंडों को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। जिसके तहत शहर के पांच स्थानों पर तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, वहीं तीन पार्कों में फव्वारे लगाए जाएंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए चेयरमैन सुमित राजपूत ने बताया कि तालाबों के घाटों व अन्य स्थानों पर मरम्मत करके खुदाई कराई जाएगी। वहीं हर समय सफाई पर विशेष ध्यान रहेगा, ताकि तालाब पिकनिक स्पॉट की तरह दिखाई दें। सौंदर्यीकरण के लिए साहब जी मंदिर तालाब, मेडी मंदिर तालाब, माता वाला तालाब, सिंघाड़े वाला तालाब व रींडका रोड स्थित तालाब शामिल किए गए हैं। वहीं शहर के तीन पार्कों में फाउंटेन फव्वारे लगाए जाएंगे। शहर में स्वागत द्वार व ओपन जिम भी बनाए जाएंगे। वहीं श्मशान व कब्रिस्तान का भी सौंदर्यीकरण किा जाएगा। कुटी मंदिर में शेड और श्मशान से गौंछि ड्रेन तक पक्की सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसी सड़क के किनारे स्वर्ण जयंती पार्क का निर्माण किया जाएगा। बैठक में नगर पालिका के 13 में से 9 सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर वाइस चेयरमैन दीप्ति शर्मा, रेणु, राजबाला, चंद्रसेन, प्रीतम प्रकाश, सविता, सीमा, सिरातुल निशा आदि मौजूद रहे।