हथीन। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद ग्राम पंचायत पचानका के विकास कार्यों की जांच नहीं हो रही है। शिकायतकर्ता वहीद ने उप मुख्यमंत्री के बाद अब उच्चाधिकारियों से शिकायत करने का फैसला किया है।
वहीद ने ग्राम पंचायत में हुई अनियमितताओं की शिकायत उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से की थी। जिस पर उन्होंने अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद जांच नहीं की गई। मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में पहुंच गया। 8 अक्तूबर को कोर्ट ने हथीन के उप मंडल अधिकारी नागरिक को चार माह में जांच करने के निर्देश दिए। तीन माह से अधिक समय बीतने के बाद भी जांच लंबित है। जांच अधिकारी एसडीएम वकील अहमद ने बताया कि सरपंच से पंचायत रिकॉर्ड मांगा गया है, लेकिन अभी तक उपलब्ध नहीं हो पाया है। 3 दिसंबर को रिकॉर्ड खोजने के लिए सर्च वारंट जारी किया गया। नायब तहसीलदार कुलवंत की अध्यक्षता में जांच कमेटी गठित की गई। कमेटी 11 जनवरी को जांच के लिए गई, लेकिन सरपंच के न मिलने पर जांच पूरी नहीं हो सकी।
वहीं सरपंच समसुद्दीन का कहना है कि ग्राम पंचायत का रिकॉर्ड पिछले वर्ष जल गया था। इसकी रिपोर्ट हथीन थाने में दर्ज है। हथीन के बीडीपीओ ने थाना प्रभारी को पत्र लिखकर रिकॉर्ड जलने की जांच करके सरपंच के खिलाफ कार्रवाई के लिए लिखा है। जांच अधिकारी एसडीएम वकील अहमद ने बताया कि हाईकोर्ट ने 8 फरवरी तक जांच करने को कहा है। इससे पूर्व ही जांच कराकर अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी जाएगी।