संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। मौसम विभाग की ओर से 29 अक्तूबर को बारिश की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। उपायुक्त डाॅ. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने पलवल, होडल और हथीन की अनाज मंडियों में खुले में रखी फसल को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त तिरपाल की व्यवस्था करने और मंडियों में जल निकासी के इंतजाम दुरुस्त करने को कहा है, ताकि बारिश से खरीदी गई फसल को नुकसान न पहुंचे। ट्रांसपोर्टरों को भी फसल का जल्द उठान करने के निर्देश दिए गए हैं। पलवल, होडल और हथीन के एसडीएम मंडियों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। उपायुक्त ने निर्देशों में लापरवाही बरतने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी है।