संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। बहन की बेटी के साथ अश्लील हरकत करने का विरोध किया तो महिला के साथ भी छेड़छाड़ कर मारपीट की गई। बचाने आए पति को भी आरोपी ने बुरी तरह मारा पीटा। चांदहट थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर नामजद आरोपी के खिलाफ मारपीट, छेड़छाड़ सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है।
जांच अधिकारी सुशीला के अनुसार, चांदहट थाना अंतर्गत रहने वाली एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह और बड़ी बहन एक घर में ब्याही हैं। बड़ी बहन की 13 वर्षीय बेटी की तरफ गांव निवासी सुंदर अश्लील इशारे करता है। वह अपने ऑटो को घर के सामने खड़ा कर देता है तथा मना करने पर गाली-गलौज करता है। छह जून को आरोपी ने शराब के नशे में उनकी दीवार में टक्कर मार दी। विरोध करने पर गाली देने लगा। उसके बाद आरोपी डंडा लेकर उसके घर में घुस आया और बच्ची के साथ अश्लील हरकत की। विरोध करने पर मारपीट की। शोर सुनकर वह बाहर आई तो उसके भी कपड़े फाड़ दिए और छेड़छाड़ की। उसका पति बाहर आया तो उसके साथ भी मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।