जमीनी विवाद के चलते दो गांवों में तवाव बढ़ गया है। बोराका और नीमका के के सैकडों लोग आमने-सामने आ गए। इस दौरान कई राउंड हवाई फायर भी किए गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। वहां पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
होडल थाना एसएचओ सुनील कादियान के अनुसार गांव बोराका व मेवात के गांव नीमका के बीच पिछले काफी दिनों से जमीनी विवाद चलता आ रहा है। उसी विवाद के चलते रविवार को दोनों गांवों के लोगों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी कहासुनी के चलते दोनों गांवों के सैकड़ों लोग लाठी, डंडों व हथियार लेकर एक दूसरे से झगड़ा करने को उतारू हो गए।
एसएचओ ने बताया कि गांव बोराका के प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि गांव नीमका के ग्रामीणों ने हवाई फायर भी किए। सूचना मिलते ही पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे और दोनों गांवों के ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस के अनुसार गांव बोराका के लोगों ने दो बाइकें भी पुलिस को सौंपी हैं जो कि गांव नीमका के लोगों की हैं।
उन्होंने बताया कि विवाद के चलते गांव में तनाव बना हुआ है, जिसे देखते हुए गांव में पुलिस की भी तैनाती की गई है। फिलहाल पुलिस ने इस घटना में कोई मामला दर्ज नहीं किया है।