पलवल। कृषि कानूनों के विरोध में केएमपी-केजीपी इंटरचेंज पर चल रहे धरने में किसानों की तैयारियां लगातार बढ़ रही है। धरने के साथ-साथ किसानों ने एलसीडी और डीटीएच लगाकर देश-विदेश की खबरों पर नजर बना रखी है। वक्ताओं और गायकों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से सभी में जोश भरने का काम किया। वहीं बड़े बुजुर्गों ने अपने अनुभव सांझा किए।
धरना स्थल पर पानी के लिए बोरिंग कराई जा रही है और जगह की कमी को देखते हुए मिट्टी डलवाई गई है। रविवार को 52 पाल के अध्यक्ष अरुण जेलदार की अध्यक्षता में धरने की अध्यक्षता डागर पाल पंच धर्मबीर डागर जबकि संचालन रूपराम तेवतिया ने किया। स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती ने कहा कि आज किसानों की एकता को देखकर सरकार घबरा गई है। विभिन्न हथकंडे अपनाकर किसानों को बदनाम करना चाहती है। किसानों के बीच में अपने लोगों को शामिल कर आंदोलन को हिंसक बनाने की सरकार की मंशा है, लेकिन किसानों को संयम से काम लेना है। किसान सरकार की राजनीति को समझ गए हैं। धरने पर आने वाले तमाम पर लोगों पर कमेटी द्वारा नजर रखी जा रही है। इस मौके पर महेंद्र चौहान, मुरारी लाल, जय नारायण चौहान, राजकुमार ओहलान, राजेश रावत, धर्मचंद, सोहनपाल, ऋषिपाल चौहान, रणधीर चौहान, मूलचंद बड़गुर्जर, दलवीर डागर आदि मौजूद रहे।
ट्रॉली में लगाई एलसीडी और डीटीएच
किसानों ने ट्रैक्टर ट्रॉली को बिल्कुल घर जैसा बना दिया है। ट्रॉली पर लाइट लगवाई गई है। वहीं देश-विदेश के समाचार देखने के लिए एलसीडी और डीटीएच छतरी भी लगाई हुई है। सेट टॉप बॉक्स के जरिये चैनलों का प्रसारण किया जाता है।
धरना स्थल के पास कराई जा रही बोरिंग
किसानों को पीने के पानी व लंगर बनाने के लिए पानी की जरूरत के लिए धरना स्थल के पास पार्क में बोरिंग करवाई जा रही है। जिससे की आपूर्ति के लिए टैंकर न मंगवाना पड़े।
सर्विस लेने पर शुरू किया गया लंगर
धरना स्थल पर किसानों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। लंगर खिलाने के लिए जगह की कमी पड़ रही है। ऐसे में सर्विस रोड पर लंगर सेवा शुरू कर दी गई हे।
लगातार बढ़ रहे पालों के तंबू
धरना स्थल पर पालों के तंबुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। तेवतिया, सहरावत, भूडेर, चौहान पाल के बाद अब गांव मोहना के किसानों ने अपना तंबू लगा दिया है। किसानों का कहना है कि अभी संख्या और भी बढ़ेगी।