पलवल। समाधान शिविर में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। लघु सचिवालय सभागार में आयोजित शिविर में उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध न्याय उपलब्ध कराना है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि अधिकारियों को शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता और पारदर्शिता अपनानी चाहिए, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि अधिकांश मामलों का समाधान मौके पर ही किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाए, जिससे उनकी नियमित मॉनिटरिंग हो सके और लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित किया जा सके। शिविर के दौरान विभिन्न शिकायतें सामने आई, जिनमें राजस्व, फसल नुकसान, बीपीएल कार्ड, छात्रवृत्ति योजना, विवाह शगुन योजना, अवैध शराब ठेके और निजी स्कूल वाहन चालक के वेतन से जुड़े मामले शामिल रहे। अधिकारियों को कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। संवाद