पुलिस ने विवाहिता के पिता की शिकायत पर एक महिला सहित पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सोमपाल सिंह ने बताया कि यूपी के थाना गोवर्धन अंतर्गत गांव पाली ब्राह्मणबान निवासी भूप सिंह सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी 25 वर्षीय बेटी नीलम की शादी वर्ष 2019 में होडल निवासी राहुल के साथ की थी। दहेज में सोने-चांदी की अंगूठी, सोने की चेन, बाइक, फर्नीचर और एक लाख रुपये नकद दिए थे।
लेकिन ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं हुआ और उसकी बेटी के साथ लगातार मारपीट करने के अलावा कार की मांग करता रहा। कई बार पंचायत भी हुई, पर कोई फायदा नहीं हुआ। पीड़ित भूप सिंह का आरोप है कि उसके दामाद राहुल, सास हेमवती, बंटी व विष्णु (जेठ), ललित उर्फ कोकी (देवर) ने दहेज में कार की मांग को लेकर नीलम को एक वर्ष तक घर से बाहर निकाल रखा था। बाद में पंचायत के बाद ही वे उसे वापस लेकर आए।
पिता का आरोप है कि ससुरालियों ने उसकी बेटी की हत्या कर दी और चुन्नी से शव पंखे पर लटका दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।