पुलिस के अनुसार, पीड़िता ममता (42) का अपने पति अनिल (जो होटल संचालक है) के साथ घरेलू खर्च और अन्य बातों को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित रूप से पत्नी पर तेल छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया। इस घटना में ममता गंभीर रूप से झुलस गई, जबकि उसे बचाने आए उसके 19 वर्षीय बेटे अंश के हाथ भी झुलस गए।
मामले की सूचना मिलते ही हथीन गेट चौकी पुलिस प्रभारी शेर सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। शहर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी अनिल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच जारी है। संवाद