फर्जी दस्तावेज बनाकर किया धोखा, पीड़िता ने छह लोगों के खिलाफ कराया केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। शादी का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक हनीट्रैप गैंग का खुलासा हुआ है। गैंग ने पलवल की एक महिला से उसके मंदबुद्धि बेटे की शादी कराने का झांसा देकर 3.5 लाख की ठगी कर डाली। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मुंडकटी पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेशकर एक दिन की रिमांड पर लिया है।
थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव ने बताया कि गांव औरंगाबाद निवासी ओमवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव निवासी शेरी ने 10 जनवरी 2025 को उसके घर आकर बेटे की शादी की बात चलाई। पहले इंकार करने के बाद उसने बेटे बॉबी को बहला-फुसलाकर झांसे में ले लिया, जो कि मानसिक रूप से कमजोर है। बाद आरोपी ने जवाहर नगर पलवल निवासी उषा उर्फ सविता के घर ले जाकर अनुष्का नाम की लड़की से मिलवाया और शादी का झूठा प्रमाणपत्र आर्य समाज मंदिर से बनवाकर दिया गया। पीड़ित महिला ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने शादी के खर्च के नाम पर 26 जनवरी को 1.5 लाख नकद और 27 जनवरी को 2 लाख रुपये बैंक से निकलवाकर आरोपी शेर सिंह उर्फ शेरी को दिए, जिसकी सीसीटीवी फुटेज बैंक से मिल सकती है।
ऐसे रचा गया फर्जीवाड़ा
शादी के अगले दिन ही आरोपी लड़की को वापस ले गए और 50,000 के जेवरात भी ले गए। जब पीड़िता ने विरोध किया तो झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर अतिरिक्त पैसे की मांग की गई। डर के कारण पीड़िता ने फिर से 3,000 फोनपे से व मोबाइल के जरिए ट्रांसफर कर दिए।
पहले भी कर चुके हैं ऐसी वारदातें
पीड़िता ने बताया कि इसी गिरोह ने कुछ दिन पहले गांव पाटन निवासी रंजीत व थाना हथीन निवासी स्वामिका के साथ भी इसी तरह की घटना को अंजाम दिया था, जिनके सबूत और फोटो भी पुलिस को दिए गए हैं। नामजद आरोपियों में शेरी (गांव औरंगावाद), उषा उर्फ सविता (जवाहर नगर), सोनू (जवाहर नगर), मंजू (गांव खांबी), सरिता (तैमूर नगर, साउथ दिल्ली), अनुशाह (तैमूर नगर, साउथ दिल्ली)। थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। मामले जांच अधिकारी एसआई इमरोज ने बताया कि मामले में शेरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर एक दिन की रिमांड पर लिया है।