91.64 प्रतिशत छात्राएं हुईं सफल, 87.69 प्रतिशत लड़कों का रहा परिणाम
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने बृहस्पतिवार को 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम जारी किया। इस बार जिले के विद्यार्थियों ने रैंकिंग में सुधार करते हुए एक पायदान की छलांग लगाई है। जिले का परीक्षा परिणाम 86.45 प्रतिशत के साथ प्रदेशभर में 20वां स्थान हासिल किया। इस बार जिले से कुल 15,223 विद्यार्थियों ने 10वीं बोर्ड परीक्षा दी थी। इनमें से 13,161 विद्यार्थी सफल रहे, जबकि 1,587 विद्यार्थियों की कंपार्टमेंट आई है। वहीं, 475 विद्यार्थी परीक्षा में असफल रहे। खास बात यह रही कि पलवल का परीक्षा परिणाम पड़ोसी जिलों फरीदाबाद और नूंह से बेहतर रहा है।
दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस बार छात्राओं का दबदबा देखने को मिला है। 91.64 प्रतिशत छात्राएं परीक्षा में सफल रहीं, जबकि लड़कों का परीक्षा परिणाम 87.69 प्रतिशत दर्ज किया गया। जिले के टॉप चार स्थानों पर छात्राओं ने कब्जा जमाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। स्वामी विवेकानंद स्कूल की छात्रा सोनिया और केएम पब्लिक स्कूल मिंडकोला की छात्रा निधि ने 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, ग्रीन वुड पब्लिक स्कूल की छात्रा जोया ने 98.8 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। होली चिल्ड्रन पब्लिक स्कूल की छात्रा सलोनी ने 98.6 प्रतिशत अंक लेकर जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों और अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई। स्कूलों में मिठाइयां बांटकर विद्यार्थियों का स्वागत किया।