पलवल। जिला प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए दो अलग-अलग मामलों में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए हैं। यह नियुक्तियां जिलाधीश के आदेशों पर की गई हैं। एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह की ओर से जारी आदेशों के अनुसार नगर परिषद क्षेत्र में सरकारी भूमि और सड़कों पर किए गए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान डीईटीसी (एक्साइज) पलवल के एईटीओ जगबीर सिंह को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। वहीं, मौजा छपरोला में विभिन्न कीला नंबरों की भूमि के सीमांकन कार्य को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के एडीओ रमेश बैंसला को ड्यूटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी कार्रवाई से पहले यह सुनिश्चित किया जाए कि संबंधित भूमि पर किसी न्यायालय का कोई स्थगन आदेश लागू न हो। साथ ही पर्यावरण मानकों और धूल नियंत्रण संबंधी नियमों की सख्ती से पालना के निर्देश भी दिए गए हैं।