दहेज के लिए विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला
पलवल। शादी में दहेज की मांग पूरी नही होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने व उसे घर से निकालने का प्रकरण सामने आया है। वहीं पीड़िता ने अपने पति पर यौन शोषण करने का भी आरोप लगाया है। महिला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसकी सुसराल पक्ष के 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी ने बताया कि एक पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी शादी 8 दिसंबर 2016 को जयपुर निवासी एक युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से सुसराल पक्ष के लोग दहेज की मांग में एसयूवी गाड़ी और तीस लाख रुपये नकदी लाने को कहने लगे। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति उसके साथ यौन शोषण करता है। पीड़िता ने जब इन बातों का विरोध किया तो उसके पति समेत अन्य ससुराली जनों ने मारपीट कर व जान से मारने की धमकी देकर घर से निकाल दिया। दहेज लाने पर ही वापस घर में आने को कहा। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं अन्य मामले में पति द्वारा विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मामला प्रकाश में आया है। शहर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। भवनकुंड चौकी इंचार्ज ने बताया कि एक पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसकी शादी यूपी निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा। पीड़िता द्वारा विरोध किया तो उसे घर से निकाल दिया गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।