संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। शहर के प्रमुख लाल कुआं चौक पर बेतरतीब पार्किंग से यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है। सड़क किनारे और चौक के आसपास खड़े वाहनों के कारण आए दिन जाम लग रहा है। वाहन चालक गाड़ियां खड़ी कर अपने काम से चले जाते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है। त्योहारों के सीजन में बाजार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए स्थानीय दुकानदारों ने चिंता जताई है कि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधरी तो जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।
लाल कुआं चौक के दुकानदार रतनलाल गोयल, लालाराम, अशोक चावला, दिनेश जैन, पदमचंद जैन, अजित कालरा और राकेश जैन ने बताया कि बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण दुकानों के सामने जगह नहीं बचती। इससे ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में दिक्कत होती है और कारोबार भी प्रभावित होता है। दुकानदारों के अनुसार, वाहन हटाने के लिए कहने पर कई चालक विवाद करने लगते हैं, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है।
दुकानदारों ने बताया कि समस्या को लेकर उपमंडल नागरिक अधिकारी को शिकायत दी जा चुकी है। इसके बाद चौक पर चेतावनी बोर्ड भी लगाया गया, जिस पर वाहन खड़ा करने पर 500 रुपये जुर्माना लगाने और टायरों की हवा निकालने के निर्देश लिखे हैं। इसके बावजूद वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
करवा चौथ, अहोई अष्टमी, धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के दौरान बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ेगी। ऐसे में बेतरतीब पार्किंग के कारण जाम लगने और लोगों की परेशानी बढ़ने की आशंका है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से लाल कुआं चौक पर नियमित निगरानी रखने, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई करने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
कोट
जाम की समस्या के समाधान के लिए बाजार के लोगों के साथ बैठक की जाएगी। इसमें दुकानदारों से सुझाव लेकर आपसी सहमति से ऐसी व्यवस्था बनाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे चौक पर यातायात सुचारु रहे और आमजन को जाम से राहत मिल सके।
- कुलदीप कुमार, प्रभारी, सीटी थाना