संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नूंह पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं। आरोपियों पर रेपिडो एप के जरिए फर्जी बुकिंग और पुराने नोटों व सिक्कों को ऊंचे दाम पर खरीदने का लालच देकर ऑनलाइन ठगी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 27 अक्तूबर को पुलिस ने मुस्तकीम, निवासी गांव नई को गिरफ्तार किया। उसके मोबाइल में व्हाट्सएप और रेपिडो एप पर खाते लॉगिन मिले। फोन की गैलरी में राइड बुकिंग और बारकोड से संबंधित तस्वीरें भी मिलीं। यह कार्रवाई लखनऊ निवासी सुधीर कनोजिया की शिकायत और तकनीकी जांच के आधार पर की गई।
दूसरे मामले में सीआईए नूंह की टीम ने सलंबा बाईपास के पास गांव दौरखी निवासी साबिर और आसप अली उर्फ ओसाफ को गिरफ्तार किया। इनके पास से तीन मोबाइल फोन और चार अतिरिक्त सिम कार्ड बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पुराने नोटों और सिक्कों को महंगे दाम पर खरीदने का झांसा देकर रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर क्यूआर कोड से पैसे ऐंठते थे। साबिर के एक मोबाइल नंबर के संबंध में तेलंगाना में वर्ष 2022 की शिकायत भी मिली है।