एफएक्यू मानकों पर खरा नहीं उतर रहा बाजरा, फिलहाल निजी एजेंसी कर रही खरीद
न्यूज संवाद एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। प्रदेश की अन्य अनाज मंडियों में बाजरे की सरकारी खरीद शुरू हो चुकी है, लेकिन फिरोजपुर झिरका अनाज मंडी में अभी तक सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई है। सोमवार को किसान बाजरे की दो ढेरियां लेकर मंडी पहुंचे, लेकिन सरकारी खरीदार के नहीं पहुंचने से न तो बोली लग सकी और न ही सरकारी खरीद हो पाई। इससे किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए इंतजार करना पड़ा।
किसान महेंद्र गुर्जर, दुली चंद, जकारिया, अमरूद, आबिदा, जुबेर, इब्राहिम और महमूद ने बताया कि उन्होंने मेहनत से बाजरे की फसल तैयार की है। फसल मंडी में लाने के बाद भी सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। किसानों का कहना है कि खरीद में देरी होने पर फसल के रखरखाव और दोबारा मंडी तक लाने का अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ सकता है।
सरकारी खरीदार हुसैन ने बताया कि मंडी में अभी तक एफए.क्यू. (फेयर एवरेज क्वालिटी) मानकों के अनुरूप बाजरा नहीं पहुंच रहा है। मानकों के अनुरूप बाजरा आने पर ही सरकारी खरीद की जाएगी। फिलहाल मंडी में निजी एजेंसी के माध्यम से बाजरे की खरीद की जा रही है।