निजीकरण और नई पेंशन स्कीम के खिलाफ गरजा कन्वेंशन
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन्स वर्कर्स यूनियन के बैनर तले सोमवार को सर्कल स्तरीय कन्वेंशन का आयोजन किया गया। इसमें पलवल, होडल और नूंह (मेवात) यूनिटों के सैकड़ों बिजली कर्मचारियों और पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर कन्वेंशन में यूनियन के राज्य प्रधान सुरेश राठी ने ऐलान किया कि बिजली कर्मचारियों पर थोपे जा रहे निजीकरण के विरोध में 9 जुलाई को कर्मचारी हड़ताल पर जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें सार्वजनिक उपक्रमों को कौड़ियों के दाम पर पूंजीपतियों के हवाले कर रही है, जिससे किसान और आम नागरिकों के लिए बिजली पहुंच से बाहर हो जाएगी।
यूपी के पूर्वांचल और दक्षिणांचल डिस्कॉम को निजी हाथों में देने के विरोध में आंदोलनरत तीन नेताओं पर एफआईआर तक दर्ज करवा दी गई है। इसके खिलाफ 2 जुलाई को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। यूनियन के उपप्रधान जितेंद्र तेवतिया ने बताया कि हड़ताल की तैयारी के तहत जिले के सब-डिवीजनों, डिवीजनों, कंप्लेंट सेंटरों और सब-स्टेशनों पर कर्मचारियों से सीधा संवाद किया जाएगा।