पलवल। गदपुरी थाना क्षेत्र में एनएच-19 स्थित सत्य साईं अस्पताल के सामने सोमवार सुबह सड़क पार कर रही मां-बेटी को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में बच्ची काव्या की मौत हो गई, जबकि उसकी मां नीलम गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल का उपचार जिला नागरिक अस्पताल में चल रहा है।
गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार, बसेरा, अलीगढ़ निवासी सोनवीर शर्मा ने बताया कि उसकी पत्नी नीलम बेटी को लेकर सत्य साईं अस्पताल बघौला आई थी। बस से उतरने के बाद दोनों सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान हादसा हुआ। राहगीरों की मदद से मां-बेटी को निजी वाहन से जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने काव्या को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को शव सौंप दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की पहचान के प्रयास कर रही है।