पलवल। खेत में काम कर रही 28 वर्षीय महिला का उसी के देवर व एक साथी ने चाकू के बल पर सामूहिक दुष्कर्म किया और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, पीड़िता जब अपने मायके जा रही थी, तो रास्ते में उसके कपड़े फाड़कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। घटना बीते वर्ष अप्रैल माह की बताई गई है। महिला थाना पुलिस ने मंगलवार को पीड़िता की शिकायत पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला थाना प्रभारी हीरामणी के अनुसार एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 अप्रैल 2019 को वह देवर के साथ खेत में अनाज को इकट्ठा करने के लिए गई थी। उसी दिन रात आठ बजे पीड़िता के देवर ने अपने एक साथी को खेतों पर ही बुला लिया और चाकू के बल पर दोनों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घर पहुंचकर पीड़िता ने आपबीती पति, सास व ससुर को बताई तो उन्होंने भी देवर व उसके साथी का ही साथ दिया। 18 अप्रैल की शाम को पीड़िता अपने भाई के साथ मायके जा रही थी तो रास्ते में देवर व उसके पांच साथी कार में सवार होकर आए और रास्ते में रोककर पीड़िता के कपड़े फाड़ दिए और दो तोले की सोने की हसली को लूटकर फरार हो गए। धमकी व इज्जत के डर से पीड़िता डरी-सहमी रही। पिछले 10 महीने तक आरोपी पीड़िता पर समझौते का दबाव बनाते रहे। मंगलवार को मायके वालों की मदद से पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।