मार्केट कमेटी द्वारा बुधवार शाम सब्जी मंडी में हटाए गए अतिक्रमण के विरोध में बृहस्पतिवार को आढ़तियों व सब्जी विक्रेताओं ने हड़ताल कर चेयरमैन रणवीर सिंह मनोज के खिलाफ नारेबाजी की। आढ़तियों व सब्जी विक्रेताओं का कहना था कि कार्रवाई में सही लोगों के शेड तोड़े गए हैं। दोपहर को सब्जी विक्रेता व आढ़ती चेयरमैन से मिले। उनके शांत करने के बाद हड़ताल खत्म की गई।
बुधवार शाम मार्केट कमेटी के चेयरमैन रणवीर सिंह ने सब्जी मंडी में खुद खड़े होकर जेसीबी से अतिक्रमण हटवाया था। इस दौरान टीन शेडों को हटवा गया था। बृहस्पतिवार सुबह जब दुकानदार सब्जी मंडी पहुंचे तो हालत देखकर भड़क गए। बाद में गुस्साए दुकानदारों ने हड़ताल कर नारेबाजी की।
उधर, आम लोगों ने मार्केट कमेटी की कार्रवाई पर संतोष जताया है। वहीं, सब्जी मंडी एसोसिएशन के पदाधिकारियों व दुकानदारों का कहना है कि मंडी के चेयरमैन व सचिव छोटे दुकानदारों और मजदूरों को बर्बाद करना चाहते हैं। उनका आरोप है कि इसी के चलते छुट्टी वाले दिन दुकानदारों की गैरमौजूदगी में फड़ी लगाने वालों के स्थान को तहस-नहस किया गया। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि वे करीब 20 वर्ष से यहां दुकान लगा रहे हैं।